RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

शिमला में वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे के साथ कांग्रेस का केंडल मार्च

शिमला 14 अगस्त 2025 (RHNN) : प्रदेश कांग्रेस ने वीरवार को शिमला में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाते हुए शांतिपूर्ण केंडल मार्च निकाला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश के लोकतंत्र को कमजोर कर निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक और महाराष्ट्र में भाजपा ने वोट चोरी कर जनमत का अपमान किया और अब बिहार में भी ऐसा ही खेल रचने की तैयारी है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इन खुलासों के बावजूद निर्वाचन आयोग कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस लोकतंत्र से किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ देशव्यापी जन आंदोलन चलाएगी।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने निष्पक्ष चुनाव के लिए डिजिटल वोटर लिस्ट की मांग को जायज बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि संविधान, पारदर्शिता और जनता के विश्वास की रक्षा का सवाल है। उन्होंने भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और विरोधियों को ईडी, विजिलेंस व इनकम टैक्स से डराने का आरोप लगाया। ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने भी भाजपा पर वोट चोरी और निर्वाचन आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया। मार्च में शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उम्म कौशल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts