शिमला 25 सितंबर 2025 (RHNN) : श्री राम मंदिर अन्नाडेल में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से पांच दिवसीय श्री शिव कथा का भव्य आयोजन शुरू हुआ। कथा से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिसमें गुमान सिंह ने परिवार सहित भाग लिया। कथा का शुभारंभ श्री गणपति महाराज जी की स्तुति से हुआ, जिसे साध्वी मीनू भारती ने भावपूर्ण स्वर में प्रस्तुत किया।
कथा व्यास साध्वी दिवेशा भारती, जो दिव्य गुरु आशुतोष महाराज की शिष्या हैं, ने भगवान शिव की महिमा का विस्तृत वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की शरण ही सभी प्राणियों के लिए विश्राम स्थल है। पापों से ग्रसित मनुष्य जब शिव कथा की रसधारा में डुबकी लगाता है तो उसे शांति और आनंद की अनुभूति होती है। कथा श्रवण मात्र से ही मन के विकार मिटते हैं और ईश्वरीय प्रकाश प्रकट होता है। साध्वी दिवेशा भारती ने बताया कि किस प्रकार चंचुला और बिंदुक का अधर्मी जीवन भी शिव कथा के श्रवण से पवित्र हो गया। उन्होंने कहा कि आज मानव समाज अज्ञान के अंधकार में भटक रहा है और उसे अध्यात्म ज्ञान की अत्यंत आवश्यकता है। यही ज्ञान उसे दानवता की गहराइयों से निकालकर देवत्व की ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।
कथा के दौरान साध्वी मीनू भारती, गुरूबहन मनीषा शर्मा और गुरु भाई अंशुल ने प्रभु महिमा में भजनों की प्रस्तुति कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर स्वामी धीरानंद जी और साध्वी गार्गी भारती भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। स्वामी धीरानंद ने कहा कि मानव तन ईश्वर भक्ति और समाज सेवा का दुर्लभ अवसर है, इसे व्यर्थ नहीं गवाना चाहिए। कार्यक्रम का समापन मंगल आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर मंदिर प्रधान ओम प्रकाश, कैशियर भागीरथ शर्मा, लेखराज शर्मा, पंडित उमादत्त शर्मा और पंडित विवेक शर्मा ने विशेष रूप से हिस्सा लिया।