शिमला, 30 जनवरी 26 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश की अंडर-19 लड़के और लड़कियों की बैडमिंटन टीम ने दिल्ली में चल रही राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में जीत के साथ शानदार आग़ाज़ किया है।आज यानी शुक्रवार से 3 फरवरी 2026 तक आयोजित स्कूली राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के तहत खेले गए मुकाबलों में प्रदेश की लड़कों की टीम ने उत्तराखंड को 2-0 से पराजित किया, जबकि लड़कियों की टीम ने आईबीएसओ की टीम को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
इससे पहले हिमाचल प्रदेश अंडर-19 बैडमिंटन टीम का कोचिंग कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था, जिसके बाद टीम पूरी तैयारी के साथ प्रतियोगिता में उतरी। ठाकुर राम लाल स्पोर्ट्स होस्टल जुब्बल की यक्षिता समरा इस प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और बलवंत झौटा मुख्य संरक्षक के रूप में टीम के साथ मौजूद हैं। टीम के मुख्य कोच राजिंदर शर्मा और भगवान दास हैं, सहायक कोच की जिम्मेदारी अभिनेश कुमार निभा रहे हैं, जबकि डॉ. ओंकार शर्मा और नीतू शर्मा टीम मैनेजर के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। टीम में यक्षिता समरा के साथ हिमाचल चैंपियनशिप के विजेता कर्ण शर्मा और भारती शर्मा, लड़कों के डबल विजेता देवांश राणा, मिक्स डबल विजेता प्रज्ञा वर्मा तथा अंडर-19 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विजयी शिवांश राणा शामिल हैं। टीम कोच राजिंदर शर्मा और भगवान दास ने बताया कि अगला मुकाबला लड़कों का छत्तीसगढ़ तथा लड़कियों का केवीएस टीम के साथ होगा। वहीं टीम के चीफ डेमिशन बलवंत झौटा ने कहा कि खिलाड़ी उम्मीद के अनुरूप प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम से आगे भी बेहतर परिणाम की आशा है।

