RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

“पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा-प्रशिक्षण अभियान से भाजपा संगठन होगा और मजबूत : बिंदल

नाहन/शिमला, 19 फरवरी 26 (RHNN) : पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा-प्रशिक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत आज सिरमौर जिला भाजपा कार्यालय, नाहन में शिमला संसदीय क्षेत्र की कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला में विशेष रूप से भाजपा हिमाचल प्रभारी श्रीकांत शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांसदगण, विधायकगण तथा शिमला संसदीय क्षेत्र के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यशाला में संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा और मंथन किया गया, जिनमें बूथ प्रबंधन, केंद्र सरकार की उपलब्धियां, वैचारिक अधिष्ठान, भाजपा का इतिहास और विकास, संगठन कार्यपद्धति तथा सोशल मीडिया जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।

प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा का प्रदेशव्यापी प्रशिक्षण अभियान शुरू हो चुका है। इसकी पहली कार्यशाला सुंदरनगर में आयोजित हुई थी और अब शिमला संसदीय क्षेत्र की कार्यशाला नाहन में आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि अगली कार्यशाला ऊना में होगी जिसका शुभारंभ अनुराग ठाकुर करेंगे तथा समापन जयराम ठाकुर करेंगे। इसके बाद 24 फरवरी को कांगड़ा संसदीय क्षेत्र और 25 फरवरी को मंडी संसदीय क्षेत्र की कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जिनमें वरिष्ठ नेता एवं संगठन पदाधिकारी शामिल रहेंगे।

उन्होंने कहा कि चारों संसदीय क्षेत्रों की कार्यशालाओं के बाद मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग शुरू किए जाएंगे और मार्च तथा 14 अप्रैल से पहले कुल 171 प्रशिक्षण वर्ग पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। बिंदल ने बताया कि संगठन विस्तार के तहत भाजपा ने लगभग 17 लाख प्राथमिक सदस्य, 25 हजार सक्रिय सदस्य, तथा 775 बूथ समितियां गठित की हैं। साथ ही 171 मंडलों, 17 संगठनात्मक जिलों और सात मोर्चों की कार्यसमितियां बनाकर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक और चुनावी दृष्टि से सशक्त बनाकर आगामी चुनावों के लिए पार्टी को तैयार करेगा।

“धरनों-नारों में उलझी कांग्रेस सरकार शासन चलाने में विफल — जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही” : प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार, जो सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही है, शासन चलाने के बजाय धरने-प्रदर्शन की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री और मंत्री स्वयं धरनों में बैठे दिखाई दिए, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में असामान्य स्थिति है। बिंदल ने कहा कि हालिया विधानसभा सत्र में भी सत्तारूढ़ दल के विधायक और मंत्री तख्तियां लेकर सदन से बाहर आए और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए, जबकि यह भूमिका सामान्यतः विपक्ष की होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सड़क, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास की प्रतीक्षा कर रही है, लेकिन सरकार इन मूल मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल राजनीतिक नारों में व्यस्त है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार को विरोध की राजनीति ही करनी है तो सत्ता छोड़कर विपक्ष की भूमिका निभाए, लेकिन शासन करते हुए जनता को परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी चुनावी गारंटियों को पूरा करने में असफल रही है और अब जिम्मेदारी से बचने के लिए राजनीतिक मुद्दे खड़े कर रही है। राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण अभियान संगठन को नई ऊर्जा देगा और कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्पष्टता तथा संगठनात्मक दक्षता प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन, प्रशिक्षित कार्यकर्ता और जनसमर्थन के बल पर भाजपा आने वाले चुनावों में पूरी ताकत से उतरेगी और प्रदेश हित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।

Related posts