शिमला, 26 फरवरी 26 (RHNN) : क्योंथल रियासत का ऐतिहासिक केंद्र रहा जुन्गा आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। करीब साढ़े तीन हजार की आबादी वाले इस कस्बे को नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिल पाया, जिससे सफाई, पार्किंग और शौचालय जैसी मूल सुविधाएं बदहाल हैं। सबसे बड़ी समस्या पुराने जुन्गा की तंग गलियां हैं, जहां से बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही के कारण रोजाना जाम लग जाता है। बस अड्डा न होने से करीब 14 रूटों की बसें सड़क पर ही खड़ी होती हैं, जिससे यातायात और बाधित होता है।
कस्बे में सुलभ शौचालय की व्यवस्था न होने से खासकर महिलाओं को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
स्कूल मैदान के पास बने शौचालय में गंदगी का आलम है।विभिन्न पंचायतों से तहसील कार्यालय आने वाले लोगों को भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानी झेलनी पड़ती है। पार्किंग व्यवस्था न होने से बाहर से आने वाले वाहन चालकों को सड़कों पर वाहन खड़े करने पड़ते हैं।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फ्लाइंग फेस्टिवल जैसे आयोजन तो किए गए, लेकिन स्थायी ढांचा विकसित नहीं हो सका। बाईपास सड़क का प्रस्ताव भी विभाग के पास नहीं पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत का दर्जा, बस अड्डा, पार्किंग और बाईपास निर्माण की मांग उठाते हुए सरकार से जल्द ठोस योजना बनाने की गुहार लगाई है।

