शिमला, 01 मार्च 26 (RHNN) : किडनी ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. नीरज गोयल को हेल्थ केयर अवार्ड्स 2026 में लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सम्मानित किया। डॉ. गोयल अब तक एक हजार से अधिक किडनी ट्रांसप्लांट कर चुके हैं और हिमाचल प्रदेश व हरियाणा के मरीजों के लिए किडनी उपचार सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
सम्मान समारोह में डॉ. गोयल ने किडनी रोगों के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए जागरूकता, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली को रोकथाम की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि पुरानी किडनी बीमारी के प्रमुख जोखिम कारकों की पहचान और शुरुआती निदान से मरीजों को गंभीर स्थिति से बचाया जा सकता है। वर्तमान में डॉ. गोयल पंचकूला स्थित अल्केमिस्ट अस्पताल में एसोसिएट डायरेक्टर एवं सीनियर कंसल्टेंट (यूरोलॉजी व किडनी ट्रांसप्लांट) के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। उनके सम्मान से चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत विशेषज्ञों का उत्साह बढ़ा है।

