RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

शिमला बाल समागम में गूंजा प्रेम और मानवता का संदेश, बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां

शिमला, 17 मई 26 (RHNN) : शिमला स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में संयोजक स्तरीय बाल समागम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा और संस्कारों का शानदार प्रदर्शन किया। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आशीर्वाद से आयोजित इस कार्यक्रम में शिमला संयोजक क्षेत्र की विभिन्न ब्रांचों—चौपाल, तातल, ठियोग, सुन्नी और शिमला—के बाल संगत के बच्चों ने गीत, कविता, भजन, कव्वाली और विचारों के माध्यम से प्रेम, मानवता और सद्भावना का संदेश दिया। कार्यक्रम में बच्चों ने हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और पहाड़ी भाषाओं में अपनी प्रस्तुतियां देकर निरंकारी मिशन की शिक्षाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर संयोजक हेमराज भारद्वाज ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि निरंकारी मिशन बच्चों में बचपन से ही प्रेम, नम्रता, भाईचारा और मानवता जैसे संस्कार विकसित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सत्संग, सेवा और सुमिरन के माध्यम से जीवन को सकारात्मक दिशा मिलती है।

उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से सत्संग से जोड़ें ताकि उनमें अच्छे संस्कार विकसित हो सकें। कार्यक्रम में हाल ही में कुल्लू में आयोजित एनवाईएस कार्यक्रम का भी उल्लेख किया गया, जिसमें युवाओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देने पर बल दिया गया था। हेमराज भारद्वाज ने प्रेरणादायक प्रसंगों के माध्यम से शेख फरीद और प्रहलाद के जीवन उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि बचपन में दी गई छोटी-छोटी धार्मिक प्रेरणाएं आगे चलकर मजबूत संस्कारों का आधार बनती हैं और जीवन को सफल बनाती हैं। इस अवसर पर अश्वनी वर्मा ने आई हुई समस्त साध संगत का स्वागत एवं अभिनंदन किया। पूरा समागम बच्चों की प्रस्तुतियों और आध्यात्मिक संदेशों से सराबोर रहा, जिसमें प्रेम, मानवता और सद्भावना का सशक्त संदेश दिया गया।

Related posts