शिमला,25 मई 26 (RHNN) : शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए विशेष अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए चिट्टा तस्करी नेटवर्क के 3 मुख्य सप्लायरों को पंजाब और हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों की जांच में बैकवर्ड लिंकज, डिजिटल साक्ष्य और बैंक लेन-देन के आधार पर यह कार्रवाई की। संजौली थाना में 18 मई को 26 ग्राम चिट्टा के साथ पकड़े गए रवि कुमार उर्फ बंटी से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह QR स्कैनर के जरिए ग्राहकों से पैसे ट्रांसफर करवाकर नशे की खरीद करता था। जांच के बाद पुलिस ने पंजाब के तरनतारन निवासी शवनदीप को अमृतसर से गिरफ्तार किया।
वहीं बालूगंज थाना में 14 ग्राम चिट्टा के साथ पकड़े गए जय सिंघला मामले में मोगा के अमृत पाल और हरियाणा के कुलदीप सिंह की भूमिका सामने आई। दोनों आरोपी सोशल मीडिया और बैंक खातों के जरिए नशा नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस ने रविवार को दोनों को मोगा और पिंजौर से गिरफ्तार कर लिया। शिमला पुलिस के अनुसार, 2026 में अब तक NDPS एक्ट के 134 मामले दर्ज कर 286 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 42 बड़े ड्रग सप्लायर और 32 अंतरराज्यीय नेटवर्क तोड़े गए हैं।

