RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

शिमला पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च आयोजित

शिमला, 19 जुलाई (rhnn) : जिला शिमला में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज दिनांक 19.07.2026 को पुलिस थाना सदर के अंतर्गत मिडिल बाज़ार, लोअर बाज़ार, राम बाज़ार एवं कृष्णानगर क्षेत्रों में फ्लैग मार्च आयोजित किया गया। यह फ्लैग मार्च अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहरी) शिमला, श्रीमती मेहर पँवार, आईपीएस की अध्यक्षता में उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) शिमला, थाना प्रभारी सदर, प्रभारी पुलिस चौकी लक्कड़ बाज़ार तथा अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में निकाला गया। फ्लैग मार्च में लगभग 30 पुलिस व होमगार्ड के जवान मौजूद थे।

फ्लैग मार्च के दौरान विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की गई तथा स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई। इस दौरान लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने के लिए उनका आभार किया गया और आगे भी ऐसे ही सहयोग की भी अपील की गई। इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराना, कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना था। शिमला पुलिस जनसुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Related posts