शिमला, 19 जुलाई (rhnn) : अंतरराष्ट्रीय शतरंज दिवस की पूर्व संध्या पर शिमला चेस क्लब की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 22 शतरंज खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य लोगों में शतरंज के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही इस खेल के माध्यम से विश्लेषणात्मक सोच, एकाग्रता और बेहतर निर्णय लेने की क्षमता को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई। इसके बाद प्रतिभागियों के बीच मैत्रीपूर्ण शतरंज मुकाबले करवाए गए। खिलाड़ियों ने विभिन्न शतरंज पहेलियों को हल करने में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान खिलाड़ियों और शतरंज प्रेमियों को एक-दूसरे से सीखने, अपने अनुभव साझा करने और खेल की बारीकियों पर विचार-विमर्श करने का अवसर मिला। आयोजन में सबसे कम उम्र की प्रतिभागी छह वर्षीय प्रिशा सूद रहीं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित किया। शिमला चेस क्लब की ओर से इस अवसर पर अगस्त माह में इंटर स्कूल चेस चैंपियनशिप आयोजित करने की घोषणा भी की गई। क्लब का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर शतरंज खेल को बढ़ावा देना और बच्चों में इस खेल के प्रति रुचि पैदा करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से उभरती शतरंज प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाया जाएगा। क्लब ने अधिक से अधिक विद्यालयों और विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।

