RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

खेल मैदान से सांस्कृतिक मंच तक पोर्टमोर का दबदबा

शिमला, 04 सितंबर (rhnn) : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भट्टाकुफर में आयोजित खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में पोर्टमोर मॉडल कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने बहुआयामी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया। छात्राओं ने विभिन्न खेलों के साथ सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी अपना दबदबा कायम रखा। पोर्टमोर की टीमों ने कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, शतरंज, समूहगान, लोकनृत्य और एकल गीत में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा वॉलीबॉल, संस्कृत गीतिका और योग में विद्यालय की छात्राओं ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खेल और सांस्कृतिक दोनों क्षेत्रों में लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते विद्यालय को ओवरऑल चैंपियन का गौरव मिला।

विद्यालय की इस उपलब्धि में छात्राओं के नियमित अभ्यास और शिक्षकों के मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही। शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता प्रमोद चौहान ने खेल प्रतियोगिताओं के लिए छात्राओं को प्रशिक्षित किया। वहीं आईटी अध्यापिका सीमा सायल ने लोकनृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की तैयारी करवाई। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि छात्राओं की यह सफलता केवल ट्रॉफी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनके अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और निरंतर मेहनत का परिणाम है। प्रधानाचार्य व शिक्षक वर्ग ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।

Related posts