RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

2019 के मामले में 7 साल से फरार घोषित अपराधी गिरफ्तार, शिमला पुलिस को बड़ी सफलता

शिमला, 04 सितंबर (rhnn) : शिमला पुलिस ने पुराने और लंबित आपराधिक मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वर्ष 2019 से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्म दास (55), पुत्र स्वर्गीय फूला सिंह, निवासी चिड़गांव, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना झाकड़ी में 19 जून 2019 को एफआईआर संख्या 48/2019 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 332 और 353 में मामला दर्ज किया गया था। मामला लोक सेवक को उसके सरकारी कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए आपराधिक बल प्रयोग से संबंधित है। मामले में आरोपी के लगातार फरार रहने पर एसीजेएम रामपुर न्यायालय ने 22 जनवरी 2026 को उसे घोषित अपराधी करार दिया था। इसके बाद रामपुर उपमंडल की पीओ टीम आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई थी।

पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के बाद आरोपी को 1 सितंबर 2026 को चिड़गांव क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को अब एसीजेएम रामपुर के समक्ष पेश किया जाएगा। शिमला पुलिस ने कहा कि पुराने और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने का अभियान जारी रहेगा तथा कानून से बचकर फरार चल रहे आरोपियों को न्याय के दायरे में लाया जाएगा।

Related posts