RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

30 बैग कचरा हटाकर विद्यार्थियों ने ग्लेन को बनाया स्वच्छ, 50 पौधे भी रोपे

शिमला, 25 जुलाई (rhnn) : पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान (कोटशेरा) के करीब 100 विद्यार्थियों ने शनिवार को ग्लेन एवं जलग्रहण क्षेत्र में स्वच्छता और पौधरोपण अभियान चलाया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने क्षेत्र से करीब 30 बैग गैर-जैव अपघटनीय कचरा एकत्र कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। इसके साथ ही विभिन्न देशी प्रजातियों के करीब 50 पौधे भी रोपे गए। वन विभाग शिमला (शहरी) के सहयोग से आयोजित अभियान की थीम ‘पेड़ लगाओ, भविष्य सजाओ’ रखी गई। अभियान में महाविद्यालय के इको क्लब, एनएसएस, एनसीसी, आर एंड आर, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के साथ भूगोल, वनस्पति विज्ञान और अंग्रेजी विभाग के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

विद्यार्थियों ने ग्लेन क्षेत्र में सफाई के दौरान प्लास्टिक कचरा, कांच की बोतलें, धातु के डिब्बे और अन्य कचरा एकत्र किया। एकत्र किए गए कचरे को नगर निगम के वाहन के माध्यम से सुरक्षित निस्तारण के लिए भेजा गया। वहीं, देवदार, अखरोट, शहतूत, पॉपलर और खानोर सहित विभिन्न देशी प्रजातियों के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में नगर निगम शिमला के अन्नाडेल वार्ड की पार्षद उर्मिल कश्यप भी मौजूद रहीं। वन विभाग के कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को वनीकरण, जैव विविधता संरक्षण और कचरा प्रबंधन के महत्व की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने की शपथ ली।

Related posts