RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

माउंट नुन की ट्रू समिट पर टीम व्हाइट एक्सपेडिशन का परचम, 4 दिनों में 7135 मीटर ऊंची चोटी फतह

लद्दाख/शिमला, 31 अगस्त (rhnn) : हिमालय की सबसे तकनीकी और चुनौतीपूर्ण पर्वत चोटियों में शामिल माउंट नुन (7135 मीटर) पर टीम व्हाइट एक्सपेडिशन ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। टीम के चार पर्वतारोहियों ने महज चार दिनों में माउंट नुन की ट्रू समिट तक पहुंचकर सफल आरोहण किया। यह उपलब्धि इस दुर्गम चोटी पर अब तक की सबसे तेज सफल चढ़ाइयों में से एक बताई जा रही है। इस अभियान का नेतृत्व राहुल उर्फ रिक्की माउंटेनियर ने किया। उनके साथ निकिता ठाकुर, राकेश नेगी और विशाल ठाकुर ने भी इस कठिन अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया। चारों पर्वतारोहियों ने मजबूत तकनीकी क्षमता, बेहतरीन शारीरिक तैयारी और शानदार टीमवर्क का परिचय देते हुए हिमालय की इस कठिन चुनौती को पार किया।

माउंट नुन पर चढ़ाई के दौरान पर्वतारोहियों को खड़ी बर्फीली दीवारों, गहरी दरारों, कठिन रॉक वॉल्स और तेज हवाओं जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ा। 7000 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी और तेजी से बदलता मौसम भी अभियान को बेहद जोखिमपूर्ण और चुनौतीपूर्ण बनाता है। टीम लीडर राहुल उर्फ रिक्की माउंटेनियर ने कहा कि यह उपलब्धि केवल तेज गति से चढ़ाई करने का परिणाम नहीं, बल्कि लंबे समय की तैयारी, बेहतर एक्लिमेटाइजेशन, पर्वतारोहण के अनुभव और पूरी टीम के मजबूत आपसी तालमेल का नतीजा है। उन्होंने कहा कि इतनी ऊंचाई पर गति के साथ सही निर्णय लेना, सुरक्षा मानकों का पालन करना और मौसम के अनुरूप रणनीति बनाना सबसे महत्वपूर्ण होता है।टीम व्हाइट एक्सपेडिशन की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि सही तैयारी, असाधारण शारीरिक एवं मानसिक क्षमता, तकनीकी अनुभव और मजबूत टीमवर्क के बल पर हिमालय की सबसे कठिन चुनौतियों को भी सफलतापूर्वक पार किया जा सकता है।

Related posts