शिमला, 31 अगस्त (rhnn) : दयानंद पब्लिक स्कूल शिमला में खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इंटर-हाउस खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार परिचय दिया। शतरंज में शिवाजी हाउस ने रणनीति के दम पर खिताब जीता, जबकि कबड्डी में भगत सिंह हाउस ने दमदार खेल दिखाते हुए चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। शतरंज प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों के बीच शिवाजी हाउस ने 26 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। विवेकानंद हाउस ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 अंकों के साथ उपविजेता का स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों ने अपनी एकाग्रता, सूझबूझ और रणनीतिक कौशल से सभी को प्रभावित किया।
वहीं कबड्डी प्रतियोगिता में भगत सिंह हाउस का दबदबा रहा। टीम ने बेहतरीन तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए 64 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। टैगोर हाउस ने 49 अंक जुटाकर उपविजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। समापन समारोह में विजेता हाउसों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पदक देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और सहयोग की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए स्पोर्ट्स कमेटी, शिक्षकों, आयोजकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी।

