RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

दिवाली तक डीए बहाल करने की घोषणा का पेंशनर्स ने किया स्वागत

शिमला, 31 अगस्त (rhnn) : हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स ज्वाइंट फ्रंट ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त पेंशनरों को 35 फीसदी पेंशन एरियर के भुगतान पर पेंशन की अधिकतम सीमा लागू न करने और दिवाली तक महंगाई भत्ता (डीए) देने की घोषणा का स्वागत किया है। फ्रंट ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह घोषणा प्रदेश के हजारों पेंशनरों के लिए राहत भरी है। फ्रंट के प्रदेशाध्यक्ष आत्माराम शर्मा और महासचिव हुकम सिंह ठाकुर ने बताया कि संगठन ने गत सप्ताह मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त तृतीय श्रेणी के पेंशनरों को 35 फीसदी एरियर देने की मांग उठाई थी। साथ ही एरियर के भुगतान के लिए तय की गई 40 हजार रुपये की पेंशन सीमा हटाने और लंबित 1540 रुपये के डीए का भुगतान दिवाली तक करने का आग्रह किया था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नादौन में आयोजित जनसभा के दौरान 35 फीसदी एरियर के भुगतान पर 50 हजार रुपये तक की पेंशन सीमा लागू न करने तथा दिवाली तक पेंशनरों को डीए देने की घोषणा की है। पेंशनर्स ज्वाइंट फ्रंट ने मुख्यमंत्री से पेंशनरों की संयुक्त समन्वय समिति की बैठक जल्द बुलाने की मांग की है, ताकि लंबित सभी मांगों और समस्याओं पर चर्चा कर उनका एकमुश्त समाधान किया जा सके। संगठन ने कहा कि जीवन के अंतिम पड़ाव में पहुंचे पेंशनर अपनी मेहनत की कमाई और देय लाभ समय पर मिलने की उम्मीद रखते हैं।

Related posts