शिमला-20 जून (rhnn) : नगर निगम के अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व.वीरभद्र सिंह की प्रतिमा को स्थापित करने का प्रस्ताव पारित हो चुका है। इस प्रस्ताव को प्रदेश सरकार के सुपुर्द किया गया है। अब प्रदेश सरकार प्रतिमा स्थापित करने के लिए बजट का प्रावधान करेगी और उसके बाद पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तक राज्य सरकार की तरफ से रिज पर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर कोई भी अधिसूचना नगर निगम को नहीं मिली है।
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर भले ही पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित न हो पाई हो लेकिन शिमला के सैंज में उनकी प्रतिमा स्थापित हो गई है। जिसका अनावरण पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती पर 23 जून को किया जाएगा। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री इस प्रतिमा का अनावरण करेंगे। सैंज में स्थापित होने वाली प्रतिमा का निर्माण हिमालयन वेलफेयर एसोसिएशन ने किया है। इसे संस्था ने अपने खर्च से बनाया है।
बता दें कि इससे पूर्व प्रतिमा को रिज पर स्थापित करने की तैयारी चल रही थी। लेकिन अभी तक उनकी प्रतिमा स्थापित नहीं कि गई है। हालांकि नगर निगम शिमला ने बाकायदा बैठक कर प्रस्ताव भी पारित किया था। इस प्रस्ताव की एक प्रति प्रदेश सरकार को भेजी गई है। प्रदेश सरकार को रिज पर प्रतिमा स्थापित करने की मंजूरी देनी है।