शिमला, 19 अप्रैल 26 (RHNN): शिमला चेस क्लब द्वारा आयोजित प्रथम शिमला रैपिड शतरंज चैम्पियनशिप का समापन शिमला पब्लिक स्कूल, ख़लिनी में हुआ। प्रतियोगिता में 29 स्कूलों के 127 खिलाड़ियों ने भाग लिया। रामपुर, जुब्बल और रोहड़ू से भी खिलाड़ियों की भागीदारी रही, जिससे क्षेत्र में शतरंज के बढ़ते रुझान का पता चलता है। अंडर-12 बालक वर्ग में अभिजय शर्मा, बालिका वर्ग में इरा गुप्ता, अंडर-16 में व्योम कुमार और एंजेलिका राणा विजेता रहे। ओपन पुरुष वर्ग में नवोदित शर्मा और महिला वर्ग में अन्नया ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता स्विस प्रणाली और रैपिड समय नियंत्रण के तहत आयोजित की गई। मुख्य अतिथि डॉ. मोहित और विशिष्ट अतिथि ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के संयुक्त सचिव संजीव ठाकुर ने विजेताओं को सम्मानित किया। सबसे कम उम्र की प्रतिभागी ध्रुविका सिंह (5 वर्ष) और वृशांक सिंह (6 वर्ष) को भी विशेष रूप से सराहा गया। शिमला चेस क्लब के संस्थापक विक्रम कंवर ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को मंच देने और शतरंज को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।

