शिमला,27 मई 26 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के प्रसिद्ध FTG (फिटनेस ट्रैकर ग्रुप) के चार साहसी युवाओं ने नेपाल की दुर्गम और बर्फीली चोटियों को फतह कर नया इतिहास रच दिया है। बेहद कम तापमान, बर्फीली हवाओं और ऑक्सीजन की कमी जैसी कठिन परिस्थितियों के बीच टीम ने 11 दिनों में 186 किलोमीटर का कठिन ट्रैक पूरा कर प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
इस साहसिक अभियान में आशीष वर्मा, रोहित ठाकुर, संजीव कुमार और अनिल कुमार ने हिस्सा लिया। टीम ने दुनिया के सबसे प्रसिद्ध ट्रैकिंग रूट एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। यह बेस कैंप समुद्र तल से 5,364 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इतना ही नहीं, टीम ने 5,644.5 मीटर ऊंचे काला पत्थर शिखर पर भी सफल चढ़ाई कर माउंट एवरेस्ट के अद्भुत नजारों का आनंद लिया।
इसके अलावा ट्रैकर्स ने 5,420 मीटर ऊंचे खतरनाक चो ला पास को पार कर अपनी हिम्मत और जज्बे का परिचय दिया।
अभियान के दौरान टीम ने 5,357 मीटर ऊंचे गोक्यो री शिखर पर तिरंगा और FTG का बैनर भी लहराया। इस उपलब्धि के बाद शिमला सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है। FTG टीम की यह सफलता युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा बनकर सामने आई है। टीम ने साबित कर दिया कि मजबूत इरादों और अटूट हौसले के आगे दुनिया की सबसे ऊंची चोटियां भी छोटी पड़ जाती हैं।

