शिमला, 09 जुलाई(rhnn) : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) शिमला महानगर द्वारा अभाविप के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य पर आज ऐतिहासिक ओल्ड गेयटी थिएटर के सभागार में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमे मुख्य अतिथि श्री अजय शर्मा जंगी जी विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ हरीश गौतम जी रहे ।कार्यक्रम में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं, विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। संगोष्ठी में अभाविप की 78 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थी शक्ति की भूमिका तथा वर्तमान समय में युवाओं के दायित्वों पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद स्थापना काल से ही राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ छात्रहित, शिक्षा सुधार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के विभिन्न आयामों पर कार्य करती रही है। परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण के साथ उन्हें राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी नागरिक के रूप में तैयार करना है।
कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक विस्तार एवं आगामी कार्ययोजना को ध्यान में रखते हुए शिमला महानगर एवं विभिन्न नगरों की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। संगठन ने रमन शर्मा को शिमला महानगर अध्यक्ष तथा कुणाल गांगटा को शिमला महानगर मंत्री का दायित्व सौंपा। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे परिषद की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने, छात्रहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा अधिकाधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने अभाविप के स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा राष्ट्रहित एवं छात्रहित के कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

