RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

डोडरा-क्वार में पेंशनर्स ने भरी हुंकार, 15 दिन में बनेगी नई ब्लॉक कार्यकारिणी

डोडरा-क्वार/शिमला, 04 सितंबर (rhnn) : जिला शिमला के दुर्गम डोडरा-क्वार क्षेत्र के पेंशनर्स को संगठित करने की दिशा में शुक्रवार को बड़ा कदम उठाया गया। डोडरा-क्वार में आयोजित पेंशनर्स की अहम बैठक में सर्वसम्मति से डोडरा ब्लॉक का गठन करने का निर्णय लिया गया। साथ ही आगामी 15 दिनों के भीतर सभी पेंशनर्स से संपर्क कर ब्लॉक कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी करने का फैसला लिया गया। क्वार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता खंड चौहारा के अध्यक्ष दीपन ठाकुर ने की। बैठक में डोडरा-क्वार क्षेत्र के पेंशनर्स के विभिन्न मुद्दों और संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया कि क्षेत्र के अधिक से अधिक पेंशनर्स को व्हाट्सऐप सहित अन्य माध्यमों से सूचना देकर संगठन से जोड़ा जाएगा।

बैठक में तय किया गया कि 15 दिनों के भीतर डोडरा ब्लॉक की कार्यकारिणी का गठन कर संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जाएगा। चुनाव और कार्यकारिणी गठन की पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रताप चौहान को संयोजक नियुक्त किया गया है। बैठक में प्रताप चौहान, सुंदर चौहान, सर्व सिंह नेगी, महावीर सिंह, शिव राज, कमल कांत, सुरजन सिंह, सबल सिंह, पंकज, महिंदर शर्मा, हरदयाल, कली राम, दीपन ठाकुर और कली राम बास्तवन सहित अन्य पेंशनर्स उपस्थित रहे। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा, उपाध्यक्ष बुद्धि राम जस्ता, मुख्य सलाहकार मोहन ठाकुर, मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी और प्रेस सचिव लायक राम शर्मा भी विशेष रूप से बैठक में मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि डोडरा-क्वार जैसे दूरदराज क्षेत्र में पेंशनर्स का मजबूत संगठन बनने से उनकी समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार व संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जा सकेगा।

Related posts