RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

शहीद दिवस पर रिज मैदान में रक्तदान शिविर, 22 यूनिट रक्त एकत्र

शिमला, 23 मार्च 26 (RHNN) : शहीद दिवस के अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी शिमला की ओर से सोमवार को रिज मैदान पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा ने किया। इस दौरान उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।

शिविर का आयोजन लायंस क्लब शिमला के सहयोग से किया गया, जिसमें कुल 22 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव हेमंत जोकटा ने बताया कि यह शिविर उपायुक्त शिमला एवं सोसाइटी के अध्यक्ष अनुपम कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाया जा सकता है, बल्कि यह रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक होता है।

रक्तदान शिविर में कमला नेहरू अस्पताल शिमला के ब्लड बैंक की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं और एकत्रित सभी 22 यूनिट रक्त को ब्लड बैंक में सुरक्षित जमा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिला रेड क्रॉस सोसाइटी ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया और लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की, ताकि जिले में किसी भी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।

Related posts