RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

कसुम्पटी वार्ड में कल से बिछेगी नई पाइपलाइन, घरों को मिलेंगे नए कनेक्शन

शिमला, 17 अगस्त (rhnn) : शिमला शहर में 24×7 निरंतर और प्रेशरयुक्त पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एसजेपीएनएल की परियोजना के पैकेज-5 के तहत कसुम्पटी वार्ड में नई पाइपलाइन बिछाने का काम मंगलवार से शुरू होगा। इसी पैकेज के तहत पंथाघाटी वार्ड में भी जल्द पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा। शहर में इस परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम SUEZ India की ओर से किया जा रहा है। इससे पहले पैकेज-1, 2, 3 और 10 में भी नई पाइपलाइनों के जरिए जलापूर्ति के लिए आधारभूत ढांचे का काम प्रगति पर है।

परियोजना के तहत डिस्ट्रीब्यूशन और ट्रांसमिशन पाइपलाइनों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही नए पानी के टैंक बनाए जाएंगे और नई पाइपलाइन के माध्यम से घरों को नए हाउस सर्विस कनेक्शन भी दिए जाएंगे। इससे शहर में सुरक्षित, विश्वसनीय, निरंतर और प्रेशरयुक्त पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। परियोजना को लेकर लोगों को जागरूक करने और स्थानीय निवासियों की समस्याओं व सुझावों को समझने के लिए एनजीओ की टीमें क्षेत्र में घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। टीमों की ओर से लोगों को कार्य की जानकारी देने के साथ उनकी चिंताओं और सुझावों को भी दर्ज किया जा रहा है। कसुम्पटी वार्ड की पार्षद रचना शर्मा ने SUEZ और एसजेपीएनएल की टीमों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय लोगों को कम से कम परेशानी हो। उन्होंने कार्य को आवश्यक सावधानियों और उचित समन्वय के साथ पूरा करने पर जोर दिया है। परियोजना टीमों ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे निर्माण कार्य में सहयोग करें, ताकि शिमला में आधुनिक और बेहतर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था विकसित करने का काम निर्धारित तरीके से पूरा किया जा सके।

Related posts