RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

डिजिटल स्टूडियो के निर्माण से प्रशिक्षुओं को प्राप्त होगा तकनीक आधारित प्रशिक्षण – अनिरुद्ध सिंह

शिमला, 31 अगस्त (rhnn) : ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने आज शिमला जिला के मशोबरा विकास खंड स्थित राज्य पंचायत संसाधन केंद्र में 33 लाख रुपए की राशि से नवनिर्मित डिजिटल स्टूडियो का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि इस स्टूडियो के निर्माण से पंचायती राज संस्थाओं के प्रशिक्षुओं व प्रतिनिधियों को आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होगी और पंचायत प्रतिनिधि आज के डिजिटल दौर में नवीनतम तकनीक व उपकरणों की जानकारी हासिल कर ग्रामीण विकास को गति प्रदान कर सकेंगे। इस दौरान उन्होंने डिजिटल स्टूडियो की गुणवत्ता व इसके उपयोग बारे संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।

उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं से भी सीधा संवाद स्थापित किया और प्रशिक्षण को और बेहतर बनाने पर उनके सुझाव सुने। पंचायती राज मंत्री ने बताया कि इस डिजिटल स्टूडियो का कार्य नवंबर 2025 में शुरू किया गया था और मात्र 8 माह की अवधि उपरांत अगस्त 2026 में निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। उन्होंने बताया कि यह स्टूडियो पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास से संबंधित उच्च गुणवत्ता वाली डिजिटल प्रशिक्षण एवं संचार सामग्री के निर्माण, रिकॉर्डिंग, उत्पादन एवं प्रसार के लिए उपयोग किया जाएगा। स्टूडियो में ऑनलाइन प्रशिक्षण, वेबिनार, वीडियो कॉन्फ्रेंस, विशेषज्ञ वार्ता, साक्षात्कार, जागरूकता कार्यक्रम तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों की लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि स्टूडियो के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के लिए ई-लर्निंग एवं डिजिटल प्रशिक्षण मॉड्यूल भी तैयार किए जाएंगे। साथ ही, वेबसाइट, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों के लिए पेशेवर ऑडियो-विजुअल सामग्री तैयार करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि यह अत्याधुनिक डिजिटल स्टूडियो राज्य पंचायती राज संसाधन केंद्र को एक केंद्रीकृत डिजिटल लर्निंग एवं कम्युनिकेशन हब के रूप में सुदृढ़ करेगा, जिससे ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तर पर तकनीक आधारित प्रशिक्षण की पहुंच एवं गुणवत्ता को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर निदेशक पंचायती राज विभाग राघव शर्मा, अतिरिक्त सचिव पंचायती राज नीलम दुलटा, अधीक्षण अभियंता पंचायती राज राजेश चंदेल, खंड विकास अधिकारी मशोबरा अंकित कोटिया, जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts