RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

नेशन बिल्डर्स अवॉर्ड समारोह में 30 से अधिक प्रधानाचार्य और शिक्षक सम्मानित, कुलपति बोले- राष्ट्र निर्माण की पहली पाठशाला हैं शिक्षक

शिमला, 07 सितंबर (rhnn) : शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य को दिशा देकर राष्ट्र की नींव मजबूत करते हैं। शिक्षक दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब शिमला की ओर से आयोजित नेशन बिल्डर्स अवॉर्ड समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 30 से अधिक प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान देने के साथ उनके संस्कार, सोच और व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक और स्थायी प्रभाव छोड़ने के लिए निरंतर उत्कृष्टता की ओर बढ़ने का आह्वान किया। प्रो. महावीर सिंह ने रोटरी क्लब शिमला की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों के योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मान देना समाज में शिक्षा के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने क्लब का इस सार्थक आयोजन के लिए आभार जताया।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने भाग लिया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। रोटरी क्लब की ओर से सम्मानित शिक्षकों और अतिथियों के लिए विशेष फेलोशिप का भी आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों और रोटरी सदस्यों ने शिक्षा और समाज निर्माण से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटरी क्लब शिमला के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, रोटरी पार्टनर्स और सदस्यों ने योगदान दिया। इवेंट चेयर पीपी रोटेरियन इंजीनियर सौरभ राज सूद ने आयोजन में विशेष भूमिका निभाई। रोटेरियन माणिक कुमार ने मास्टर ऑफ सेरेमनी के रूप में कार्यक्रम का संचालन किया। क्लब ने डिप्टी गवर्नर, हिमाचल प्रदेश पीपी रोटेरियन सचिन वर्मा का भी आभार जताया। रोटरी क्लब शिमला ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान किसी एक दिन तक सीमित नहीं है। यह समाज और राष्ट्र के निर्माण में उनके अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। नेशन बिल्डर्स अवॉर्ड इसी भावना के साथ शिक्षा, सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति रोटरी की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने की पहल है।

Related posts